इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित उत्तर प्रदेश फायर एंड सेफ्टी एक्सपो एंड कॉन्फ्रेंस (यूएफएसईसी) में विशेष फायर-रेसिस्टेंट दरवाजा और आग बुझाने के लिए बनाई गई नई तकनीक वाली ड्रेस मेहफिल लूट रही है। यह ड्रेस आग की लपटों और 1000 डिग्री के तापमान के बीच भी रक्षक की तरह काम करती है। सुरक्षा उपकरण बनाने वाली नित्यू कंपनी के रीजनल सेल्स मैनेजर निशांत त्यागी ने बताया कि दरवाजा ऐसी विशेष सामग्री से बनाया गया है, जो आग को कई घंटों तक एक स्थान तक सीमित रखता है। इसमें उच्च गुणवत्ता की फायर-रेसिस्टेंट परतें और विशेष लेयर लगाई गई हैं। स्टील के साथ इन परतों का संयोजन इस दरवाजे को 1000 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक तापमान को सहन करने में सक्षम बनाता है। दरवाजे में लगी विशेष लेयर आग की लपटों और भीषण तापमान को दरवाजे के दूसरी ओर जाने से रोकती है। दरवाजे पर विशेष पाउडर कोटिंग की गई है, जो दरवाजे को गरम होने से बचाती है। इस दरवाजे में लगा विशेष शीशा आग की भयावहता को दिखाता भी है। जिससे बाहर के लोग स्थिति का अंदाजा लगा पाते हैं। यह शीशा भी उच्च तापमान को झेलने में सक्षम है। परीक्षण में यह दरवाजा दो घंटे तक आग को रोकने में सफल रहा है। आग की घटनाओं में सबसे बड़ा खतरा आग के तेजी से फैलने से होता है, जिससे रास्ते भी चपेट में आ जाते हैं। ऐसे में यह दरवाजा रेस्क्यू टीमों और दमकल कर्मियों को भी सुरक्षित संचालन का समय देता है। दरवाजा इमारत, हॉस्पिटल, हॉस्टल, स्कूल, होटल आदि जगह के लिए विशेष तौर पर बनाया गया है।