नोएडा सेक्टर 121 की होम्स 121 सोसाइटी में आयोजित दीवाली मिलन व कवि सम्मेलन में कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। डॉक्टर ज्योति उपाध्याय की कविता बाबा के बगीचे की बहार बेटियां...पर दर्शक तालियों से गूंज उठे। हास्य कवि लटूरी लट्ठ, संदीप सजर, डॉ. कविता, विकास त्यागी और हीरेन्द्र ह्रदय ने हास्य, ओज और व्यंग्य से सबका मनोरंजन किया, वहीं देशभक्ति कविताओं ने लोगों को भावुक कर दिया। कार्यक्रम में पीएस जैन, शालिनी सिंह, इंद्राणी मुखर्जी, योगेंद्र शर्मा और सतपाल यादव सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। एओए अध्यक्ष चक्रधर मिश्रा और गरिमा त्रिपाठी ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संवाद और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देते हैं।