दलित किशोर की मौत के बाद रबूपुरा के महाराणा प्रताप चौक पर शुक्रवार को ग्रामीणों ने चक्का जाम कर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर पहुंचे डीसीपी के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खत्म किया। दो घंटे बाद यातायात सुचारू हो सका। वहीं मुख्यमंत्री ने भी पीड़ित परिवार से फोन पर बात करते हुए इंसाफ दिलाने की बात की है। रबूपुरा के आंबेडकर नगर मोहल्ला निवासी अनिकेत (17) पुत्र सतीश की शुक्रवार तड़के दिल्ली स्थित लोकनायक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक पंद्रह अक्तूबर को अनिकेत का जन्मदिन था। पार्टी करने के लिए अनिकेत अपने चाचा सुमित और भाई के साथ सैय्यद का तालाब क्षेत्र में गया था। जहां पुराने झगड़े को लेकर कुछ युवकों ने उनपर हमला कर दिया। हमले में अनिकेत और सुमित घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां अनिकेत की गंभीर हालत देख उसे जिम्स अस्पताल रेफर किया। हालत न संभालने पर अनिकेत को दिल्ली के लोकनायक अस्पताल भेज दिया गया। शुक्रवार की सुबह चार बजे अनिकेत ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने सुबह साढ़े सात बजे रबूपुरा के महाराणा प्रताप चौक पर रबूपुरा-झाझर रोड पर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन से रोड जाम हो गई और वाहन चालक फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझने की कोशिश की लेकिन वहां टस से मस नहीं हुए। जाम और हंगामा की सूचना पर मौके पर पहुंचे डीसीपी साद मियां खान ने ग्रामीणों को शांत कराते हुए जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम खोला और यातायात सुचारू हो सका। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से रबूपुरा, जेवर और इकोटेक थाने की पुलिस को भी मौके पर तैनात किया गया। उधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला हत्या में बदलकर आरोपियों की तलाश में दबिश डालनी शुरू कर दी है। किशोर की अस्पताल में मौत के बाद उसके घर पर सुबह से ही ग्रामीणों का तांता लगा हुआ है। आक्रोशित ग्रामीणों की बस यही मांग है कि हत्यारोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई हो। परिवार को सांत्वना देने पहुंचे जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने अनिकेत के पिता सतीश से फोन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी बात कराई। जहां मुख्यमंत्री ने बात करते हुए आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।