विज्ञान और आधुनिकता के इस दौर में आज भी कुछ ऐसी लोक मान्यताएं और परंपराएं जीवित हैं, जो लोगों को हैरत में डाल देती हैं। जेवर क्षेत्र में एक ऐसा ही चमत्कारी तालाब स्थित है, जिसे लेकर क्षेत्र के लोगों में अटूट विश्वास है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस तालाब में केवल एक बार स्नान करने से गंभीर से गंभीर चर्म रोग ठीक हो जाते हैं। सैकड़ों वर्षों से चली आ रही इस अनोखी परंपरा को आज की युवा पीढ़ी भी निभा रही है। मुतैना और भट्टा गांव के बीच यह तालाब स्थित है, जिसे स्थानीय भाषा में 'कोड़िया तालाब' कहा जाता है। इस तालाब का नाम ही इसके पीछे छिपे रहस्य को दर्शाता है। आस-पास के ग्रामीणों और दूर-दराज से आने वाले लोगों का विश्वास है कि इस तालाब के पानी में कुछ ऐसे चमत्कारी गुण हैं, जो त्वचा की हर बीमारी को जड़ से खत्म कर देते हैं।