नोएडा परिवहन विभाग में ओटीएस योजना लागू हुए एक सप्ताह से अधिक समय हो चुका है। योजना का लाभ लेने के लिए अब तक केवल 50 लोगों ने आवेदन किए हैं। विभाग की ओर से योजना का लाभ लेने के लिए बकायेदारों को तीन माह का समय दिया गया है। अहम है कि विभाग के खाते में पहले सप्ताह 10 लाख रुपये का राजस्व जमा हो गया है। वहीं तीन लाख रुपये की छूट लोगों को दी गई है। बता दें कि जिले में कुल पंजीकृत वाहनों की संख्या 10.65 लाख है। इनमें से करीब एक लाख संख्या में व्यावसायिक वाहन हैं। 21306 हजार की संख्या में ऐसे व्यावसायिक वाहन हैं, जिनका करीब 45 करोड़ रुपये का टैक्स जमा नहीं किया गया है। इन पर परिवहन विभाग की तरफ से आठ करोड़ रुपये का अतिरिक्त जुर्माना लगाया गया है। एआरटीओ प्रशासन डॉ सियाराम वर्मा ने बताया कि कोरोना काल के दौरान व्यावसायिक गतिविधियों पर बुरा असर पड़ने के कारण कई वाहन स्वामियों ने टैक्स जमा नहीं किया था। कई वाहन स्वामियों का उस वजह से टैक्स बढ़ता चला गया जिसकी वजह से पेनाल्टी की रकम इतनी अधिक पहुंच गई। विभाग ने इसी पेनाल्टी को माफ करने के लिए योजना निकाली है। इसके तहत इन सभी वाहन स्वामियों का टैक्स पर लगाया गया जुर्माना माफ कर दिया जाएगा। काफी समय से वाहन स्वामी वाहनों पर बकाया टैक्स जमा नहीं करा रहे थे ऐसे में विभाग ने पहले की तरह इस बार भी ओटीएस योजना स्कीम निकाली है। संभवतः इससे विभाग का बकाया पूरा हो जाए।