दिवाली स्पेशल बसों के संचालन के लिए नोएडा डिपो की ओर से 16 रूट बनाए गए हैं। इन सभी रूटों पर 161 बसों का संचालन होगा। विभाग की ओर से बीते वर्ष को ध्यान में रखते हुए इस बार सबसे अधिक तीन रूटों पर अधिक फोकस किया जा रहा है। प्रबंधन के अनुसार अलीगढ़, आगरा और मेरठ रूट पर अधिक फोकस किया जा रहा है। इन रूटों पर बसों के संचालन को ध्यान में रखते हुए सबसे अधिक फेरे लगाए जाएंगे। अहम है कि 29 अक्तूबर से दिवाली स्पेशल बसों का संचालन शुरू हो जाएगा जो कि 10 नवंबर तक नॉनस्टाप रहेगा। आपको बता दें कि नोएडा डिपो पर सबसे अधिक तीन रूटों पर भीड़ देखने को मिलती है। इन तीनों ही रूटों पर अतिरिक्त बसों को लगा दिया गया है। वहीं, इसके अलावा लखनऊ और कासगंज के लिए भी बसों की संख्या में बढ़ोतरी की गई है। अधिकारियों का कहना है कि इन रूटों के लिए बुकिंग की ऑनलाइन सुविधा भी मुहैया कराई जा रही है। बता दें कि नोएडा डिपो से आमतौर पर रोजाना 35 हजार यात्री सफर करते हैं। लेकिन त्योहारों के समय यह संख्या बढ़कर 50 हजार के भी पार चली जाती है। ऐसे में यात्रियों की संख्या को बढ़ता देख प्रबंधन की ओर से बसों को अतिरिक्त फेरों के लिए लगा दिया जाता है। वहीं इस बार नोएडा डिपो के बेड़े से 19 बसों के बाहर होने के बाद यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। लेकिन डिपो प्रबंधन का दावा है कि इसकी व्यवस्था कर ली गई ह, यात्रियों को किसी परेशानी का सामना नही करना पड़ेगा। डिपो एआरएम एसएन पांडेय बताते हैं कि यात्रियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो इसके लिए खास ध्यान रखा जा रहा है। सभी बसों की मेनटेनेंस का काम भी कर लिया गया है। यही नहीं यात्रियों की सुविधा के लिए सभी बसों में हेल्पलाइन नंबर लगाए गए हैं और डिपो में दो हेल्प काउंटर भी बनाए गए हैं।