रबूपुरा में बुखार ने एक और किशोर की जान ले ली। फूल विहार मोहल्ले के रहने वाले विशेष (15 वर्ष) का उपचार काशीराम अस्पताल में चल रहा था। शुक्रवार को उपचार के दौरान विशेष की मृत्यु हो गई। विशेष के साथ ही बीमार हुईं दादी चंद्रवती की जांच कराई गई तो वह डेंगू संक्रमित निकलीं। बुखार से रबूपुरा में यह पहली मौत नहीं है। बीते बीस दिनों के अंदर यह तीसरी मौत है। अक्तूबर के माह में पंद्रह वर्षीय सुमायरा ने भी बुखार में अपनी जान गंवाई थी। इसके कुछ दिन बाद ही बुखार के कारण सात साल के लड्डू की भी मौत हुई थी। दो मौत होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम रबूपुरा पहुंची थी। जहां निवासियों की जांच होने पर चार लोग डेंगू के संक्रमित मिले थे। इनमें से दो का जिम्स अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया था लेकिन दो लोगों ने घर पर रहकर उपचार लिया था। दो दिन जांच करने के बाद टीम वापस नहीं आई। अब शुक्रवार को जब एक और किशोर की मृत्यु बुखार से हुई तो स्वास्थ्य विभाग की रोकथाम पर सवाल खड़े हो रहे हैं।