उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। रविवार और सोमवार को पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जबकि कई इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलीं। सोमवार सुबह अलीगढ़, आगरा, गाजियाबाद और गोरखपुर में घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। वहीं बहराइच, अयोध्या, अमेठी, कुशीनगर, मुजफ्फरनगर और मेरठ में दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए बुंदेलखंड के हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर समेत कई जिलों में बूंदाबांदी के साथ ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा प्रदेश के 23 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, नए विकसित पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी यूपी में शुरू हुई बूंदाबांदी का दायरा मंगलवार को बुंदेलखंड, विंध्य क्षेत्र और प्रयागराज मंडल तक फैल सकता है। प्रदेश में मौसम का यह बदलाव 4 फरवरी तक बने रहने की संभावना है। इसके बाद कोहरा छंटेगा और तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जाएगी।
ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के इलाके।
घने से अत्यधिक घने कोहरे की संभावना
देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत।
फरवरी की शुरुआत में राजधानी लखनऊ में मौसम अपेक्षाकृत गर्म बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से लखनऊ लगातार दूसरे दिन प्रदेश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। सोमवार को दिन और रात दोनों के तापमान में तेज बढ़ोतरी देखी गई, जिससे ठंड का असर कमजोर पड़ गया।
सुबह हल्का कोहरा रहा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो गया और तेज धूप निकल आई। दोपहर में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और गर्माहट महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है और हल्की बारिश के साथ सुबह घना कोहरा छाने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 2.2 डिग्री की बढ़त के साथ 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री बढ़कर 13 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। पिछले तीन दिनों में दिन के तापमान में 7.6 डिग्री और रात के तापमान में 4.2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।