गुरुग्राम में अरावली पर्वत श्रृंखला के संरक्षण की मांग को लेकर हरियाणा प्रदेश युवा कांग्रेस की ओर से गुरुग्राम में अरावली सत्याग्रह-सद्भावना संकल्प अनशन का आयोजन किया गया। गोशाला के सामने भगवान महावीर चौक पर बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते हुए अरावली को बचाने का संकल्प लिया। इस जनहित आंदोलन का नेतृत्व हरियाणा प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत चौक पर विधिवत हवन-यज्ञ से की गई, जिसमें आहुति डालकर पर्यावरण संरक्षण और अरावली पर्वत श्रृंखला को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया गया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर अरावली बचाने के नारे लगाए और आमजन से इस मुहिम में जुड़ने की अपील की।