गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-48) पर हीरो होंडा चौक से नरसिंहपुर तक सर्विस रोड पर बारिश में जलभराव की समस्या के राहत मिलने की उम्मीद है। सनबीम कंपनी के सामने हाईवे के नीचे ट्रेंचलेस तकनीक से तीन बैरल (पाइप) डालने की योजना में दो पाइप बिछाए जा चुके हैं, जबकि तीसरे पाइप का काम जारी है। हीरो होंडा चौक से नरसिंहपुर तक सर्विस रोड पर हर बारिश में पानी भर जाता है। कई बार पानी मुख्य कैरिजवे तक पहुंचने से लंबा जाम लग जाता है। अभी तक जलभराव होने पर जीएमडीए और एनएचएआई पंपों की मदद से पानी को खाड़सा गांव के पास स्थित बादशाहपुर ड्रेन तक पहुंचाते हैं। इसके बावजूद हर साल जलभराव की समस्या बनी रहती है। अब जीएमडीए हाईवे के नीचे ट्रेंचलेस तकनीक से पाइप डालकर बारिश के पानी को राधा कृष्ण गार्डन के पास बने वाले स्टॉर्म वॉटर ड्रेन के माध्यम से सीधे बादशाहपुर ड्रेन तक पहुंचाने की व्यवस्था तैयार कर रहा है। इससे भविष्य में पानी की निकासी के लिए पंपों पर निर्भरता काफी कम हो जाएगी।