भाजपा के सदस्यता अभियान को लेकर सोमवार को पार्टी कार्यालय गुरुकमल में कार्यशाला हुई। इसमें गुरुग्राम जिले में 4.50 लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा। सदस्यता अभियान को कैसे आगे बढ़ाया जाए, इसके बारे में राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने कार्यकर्ताओं को विस्तार से जानकारी दी। धनखड़ ने कहा कि यह सदस्यता अभियान नगर निगम चुनाव को भी सरल बना देगा और चुनाव में भाजपा का परचम लहराएगा। धनखड़ ने कहा कि अभियान के तहत स्वयं और नए सदस्य को भाजपा से जुड़ने की गौरवमयी अनुभूति होनी चाहिए। भाजपा जिला अध्यक्ष कमल यादव ने कार्यशाला में गुरुग्राम जिला की चारों विधानसभाओं में जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है कि गुरुग्राम जिला में भाजपा कमल खिला और नगर निगम चुनाव में भी भाजपा का परचम लहराएगा । कमल ने कहा कि जल्द ही नगर निगम चुनाव होने हैं, इसलिए कार्यकर्ता अधिक से अधिक मेहनत करें।