गुरुग्राम सेक्टर-105 स्थित राजेंद्रा पार्क की ताऊ गोपी वाली गली में 100 से ज्यादा परिवार नारकीय स्थित में रहने को विवश हैं। द्वारका एक्सप्रेसवे और गुरुग्राम रेलवे स्टेशन के पड़ोस में स्थित गुरुग्राम नगर निगम की सबसे बड़ी कॉलोनी राजेंद्रा पार्क के डी ब्लॉक में संतरा देवी स्कूल के पास ताऊ गोपी वाली गली और इससे जुड़े इलाकों में पिछले दो महीने से सीवेज का गंदा पानी जमा है। लोगों का बाहर निकलना मुहाल है। इलाके में बीमारियां फैलने का डर लोगों को सता रहा है। संवाद कार्यक्रम में इलाके के निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र इस गंदगी से निजात दिलाई जाए। कार्यक्रम में बृज भूषण ठाकुर, रुपेश कुमार झा, शशि मिश्रा, अजीत कुमार, बासमती देवी, पवन कुमार, कैलाश जेना, मीरा, उदय भानू, अतुल हेमंत, साईं सौभाग्य, पार्वती पांडे, सीमा, निहारिका, सुषमा, नीलम त्यागी, रश्मि और विष्णु ने अपनी बात रखी।