औद्योगिक क्षेत्र आईएमटी मानेसर में लाखों लोग कंपनियों में काम करते हैं, लेकिन यहां पैदल चलने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क किनारे बने फुटपाथ चलने लायक नहीं हैं और कई जगह नालों के ढक्कन खुले हुए हैं। इस कारण लोगों को मजबूरी में सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है। फुटपाथ पर ढक्कन व व गंदगी के जमा होने से लोगों को रोड पर चलना पड़ता है जिससे हादसे का खतरा बढ़ रहा है। आईएमटी मानेसर के कई इलाकों में खुले नालों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। लोगों ने इस बारे में कई बार नगर निगम मानेसर को शिकायत दी, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। सेक्टर-1 में मार्केट के पास और सेक्टर-6 में फुटपाथ पर खुले नालों के कारण लगातार दुर्घटना का डर बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने जल्द समाधान की मांग की है। रात के समय कई इलाकों में स्ट्रीट लाइटें नहीं जलने से हादसे का ज्यादा खतरा बना रहता है। आईएमटी के लगभग कई फुटपाथ चलने के लायक नहीं है, कहीं गंदगी ने फुटपाथ को घेर रखा या कही नालों के उपर ढक्कन नहीं है। कंपनी में काम करने वालों श्रमिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कंपनी कर्मचारी अंकित ने बताया कि आईएमटी मानेसर में नालों पर ढक्कन नहीं होने के कारण पैदल चलना मुश्किल हो गया है। मजबूरी में सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे पीछे से आने वाले वाहन टक्कर मारकर निकल जाते हैं और हादसे का खतरा बना रहता है।