गुरुग्राम में गर्मी बढ़ने के साथ ही गुरुग्राम में आग का तांडव शुरू हो चुका है। रविवार की रात से सोमवार की दोपहर तक जिले में पांच स्थानों पर आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। बादशाहपुर क्षेत्र में एक निजी अस्पताल के पास बिजली के खंबे पर तारों में आग लग गई। गुरुग्राम कोर्ट परिसर में भी सोमवार की दोपहर को बिजली के तारों में हुए धमाके होने से चिंगारियां छूटने लगी। वहीं, टीकली गांव के पास अरावली की पहाड़ियों में अज्ञात कारणों से आग लग गई। रविवार की रात 12.30 बजे दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) स्थित हीरो होंडा चौक के पास ट्रक में आग लग गई थी। जैसे ही चालक ने ट्रक में आग लगी देखी तो उसे हाईवे पर रोड किनारे खड़ा कर दिया और ट्रक नीचे उतर गया। ट्रक में आग लगने की सूचना फायर विभाग को दी। सेक्टर-37 फायर स्टेशन से एक दमकल गाड़ी माैके पर पहुंची और ट्रक में लगी आग को बुझाया। तब तक ट्रक पूरी तरह से जल चुका था। हालांकि आगजनी की इन घटनाओं में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।