न्यू गुरुग्राम सेक्टर-106 स्थित पारस ड्यूज सोसाइटी में रविवार दोपहर के समय हंगामा हो गया। जब सोसाइटी के कुछ निवासियों ने फैसिलिटी टीम से मेंटेनेंस बढ़ाने को लेकर चर्चा करने गए थे, लेकिन निवासियों और टीम सदस्यों के बीच कहासुनी के बाद कुछ लोगों और फैसिलिटी टीम के सदस्यों के बीच मारपीट हो गई। इसके बाद कई लोगों ने प्रबंधन ऑफिस के गेट के आगे धरना पर बैठने का निर्णय भी लिया। मौके पर घटना के बाद कई निवासियों ने बिल्डर के खिलाफ नारेबाजी भी की। लोगों ने मारपीट करने वाले सदस्यों को सोसाइटी के काम से निकालने की बात भी कही। सूचना मिलने पर राजेंद्रापार्क थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले को शांत करवाया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। सोसाइटी में रहने वाले अशोक दत्ता, अभिषेक पांडेय ने बताया कि सोसाइटी में करीब 450 परिवार रहते हैं। इसमें लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं बनी हुई है, जिसको लेकर लोग नाराज हैं। उन्होंने बताया कि मेंटेनेंस बढ़ा दिया है, लेकिन खर्चा कहा कर रहे है, यह पता ही नहीं चल रहा। क्योंकि यहां के लोग पहले की तरह ही बुनियादी सुविधा जैसे- साफ-सफाई, सोसाइटी में डॉग का घूमना, बिजली कटौती जैसी अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। निवासी गजेंद्र गिरी, प्रेम नारायण शर्मा, मिलेश कुमार ने बताया कि कई बार शिकायत देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। सोसाइटी प्रबंधन की ओर से स्थिति को शांत कराने की कोशिश की गई। वहीं, कुछ निवासियों ने इस मामले में उचित कार्रवाई की मांग भी की है।