बादशाहपुर सेक्टर-56 मार्केट परिसर की लंबे समय से बदहाल पड़ी पार्किंग और टूटे हुए रास्तों को अब सुधारा जाएगा। नगर निगम की ओर से यहां निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। मार्केट के दुकानदारों और ग्राहकों का कहना है कि लंबे समय से खराब पड़ी पार्किंग के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह टूटी सतह, उड़ती धूल-मिट्टी और अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहन रोजाना जाम की स्थिति पैदा कर देते है। मार्केट में पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होने के चलते वाहन चालक कहीं भी वाहनों को खड़ा कर देते है। इससे अन्य लोगों को अपने वाहन निकालने में परेशानी होती है और कई बार लोगों के बीच नोकझोक भी हो जाती है। बारिश के दौरान टूटी हुई जमीन पर कीचड़ हो जाने से स्थिति और खराब हो जाती है। वहीं गर्मियों में उड़ती धूल दुकानों और मार्केट परिसर में फैल जाती हैं।