फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुरुग्राम में आधी रात दर्दनाक हादसा: डिवाइडर से टकराई कार, सिविल इंजीनियर की मौत, एक युवक आईसीयू में भर्ती

अनुज कुमार Updated Sat, 17 Jan 2026 06:51 PM IST

डीएलएफ फेज-1 थाना के अंतर्गत गोल्फ कोर्स रोड पर मेट्रो स्टेशन के अंडरपास में शुक्रवार की रात को तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में सिविल इंजीनियर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल होने पर आईसीयू में भर्ती है। सूचना मिलने पर डीएलएफ फेज-1 थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। मृतक की पहचान सीकर (राजस्थान) के फतेहपुर गांव निवासी अनिल के रूप में हुई है। वह उद्योग विहार स्थित एक निजी कंपनी में सिविल इंजीनियर था और उसी कंपनी में मिथिलेश, मोहित व बिलाल भी नौकरी करते थे। शुक्रवार की रात को मिथिलेश, मोहित व अनिल अपने साथी बिलाल को होंडा सिटी कार से फरीदाबाद छोड़ने के लिए जा रहे थे। कार को मोहित चला रहा था और अनिल व मिथिलेश कार में पीछे बैठे थे। बताया जा रहा है कि गाड़ी तेज रफ्तार में थी और कार जब रात करीब 1 बजे गोल्फ कोर्स रोड के अंडरपास में पहुंची तो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। चालक साइड से कार डिवाइडर से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त हो गई और इस हादसे में पिछली सीट पर बैठे अनिल व मिथिलेश को गंभीर चोटें आईं। वहीं, कार चला रहे मोहित व अगली सीट पर बैठे बिलाल को भी चाेंटें आई हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने अनिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि मिथिलेश की हालत गंभीर होने के कारण उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है। वहीं, कार के एयरबैग खुलने से चालक मोहित व अगली सीट पर बैठे बिलाल को हलकी चोटें आई थी, जिनको प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया। जांच अधिकारी एएसआई चंदगीराम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। कार चला रहे मोहित व बिलाल के बयान दर्ज किए जाएंगे, तभी इस हादसे के बारे में सही जानकारी मिल सकेगी। चालक के शराब पीने की बात अभी सामने नहीं आई है। वहीं, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। बयान दर्ज कराने व जांच के बाद ही मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें