गुरुग्राम। सुरक्षित निवेश और बेहतर रिटर्न की चाह रखने वाले लोगों के बीच डाकघर की टाइम डिपॉजिट (टीडी) योजना तेजी से लोकप्रिय हो रही है। जिले में मई माह के दौरान 3500 से अधिक लोगों ने इस योजना में निवेश किया है। खास बात यह है कि यह संख्या पिछले वर्ष मई माह की तुलना में करीब 15 प्रतिशत अधिक है, पिछले साल इसी माह में 3000 लोगों ने इस योजना में निवेश किया था। इससे साफ जाहिर होता है कि लोगों का भरोसा डाकघर की बचत योजनाओं पर लगातार बढ़ रहा है। पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट योजना पर 6.9 प्रतिशत से 7.5 प्रतिशत तक सालाना ब्याज मिलता है। इस योजना में आप कम से कम 1,000 रुपये से खाता खोल सकते हैं और इसके बाद 100 रुपये के गुणक में कितनी भी राशि जमा की जा सकती है। अधिकतम निवेश की कोई सीमा नहीं है। यह योजना एक से पांच साल की अवधि के लिए उपलब्ध है, जिसमें पांच साल के निवेश पर आयकर अधिनियम की धारा 80C के तहत टैक्स छूट भी मिलती है। ब्याज का आकलन सालाना किया जाता है, लेकिन इसका भुगतान त्रैमासिक आधार पर किया जाता है। वर्तमान समय में बाजार में निवेश के कई विकल्प उपलब्ध हैं, लेकिन जोखिम से बचने और पूंजी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ी संख्या में लोग डाकघर की योजनाओं की ओर रुख कर रहे हैं। यही कारण है कि जिले में इस योजना में निवेश करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है।