खुर्रमपुर गांव के जंगल में बरसात का पानी भर जाने से किसानों की फसल प्रभावित हो गई है। किसानों ने नगर पालिका पर नाले की समय पर सफाई न कराने का आरोप लगाया है, इसके कारण बारिश का पानी खेतों में भर गया। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रदेश उपाध्यक्ष राम अवतार त्यागी ने कहा कि नाले की सफाई न होने के कारण जल निकासी बाधित है और बारिश का पूरा पानी किसानों के खेतों में पहुंच गया। इससे हजारों बीघा फसलों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने जिलाधिकारी से जल निकासी की व्यवस्था कराने और किसानों को राहत दिलाने की मांग की है। चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भाकियू कार्यकर्ता आंदोलन और धरना देने को मजबूर होंगे।