प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साहिबाबाद और न्यू अशोक नगर के बीच दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के 13 किलोमीटर लंबे अतिरिक्त खंड का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री सुबह करीब साढ़े 11 बजे सड़क मार्ग से साहिबाबाद आरआरटीएस स्टेशन पहुंचेंगे। इससे पहले साहिबाबाद, आनंद विहार और न्यू अशोक नगर आरआरटीएस स्टेशन को एसपीजी सहित स्थानीय पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से अपने कब्जे में ले लिया है। स्टेशन का रंग-बिरंगे फूल और पोस्टर बैनर से सजाया गया है। यात्रियों के लिए शाम पांच बजे से नमो भारत ट्रेन का परिचालन शुरू किया जाएगा। दिल्ली-मेरठ का सफर यात्री महज 40 मिनट में पूरा कर सकेंगे। न्यू अशोक नगर स्टेशन से मेरठ साउथ तक का किराया स्टैन्डर्ड कोच के लिए 150 रुपये और प्रीमियम कोच के लिए 225 रुपये है। यात्रियों को ट्रेन हर 15 मिनट की आवृत्ति पर उपलब्ध होंगी। इस नव उद्घाटित 13 किलोमीटर के सेक्शन में से 6 किलोमीटर हिस्सा भूमिगत है जिसमें आनंद विहार शामिल है। यह पहली बार है जब नमो भारत ट्रेनें भूमिगत सेक्शन में दौड़ेंगी। इस सेक्शन में दूसरा स्टेशन न्यू अशोक नगर जो एलिवेटेड स्टेशन है। नमो भारत स्टेशनों को इस तरह से डिज़ाइन किया गया है कि जहां यात्रियों को बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और मेट्रो स्टेशन जैसे सार्वजनिक परिवहन के साधनों से सहजता से मिल सकेगी।