डायल 112 पर दी दिल्ली की मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी गाजियाबाद। नगर कोतवाली की डायल 112 पर बृहस्पतिवार की देर रात अनजान कॉलर ने कॉल कर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जान से मारने की धमकी दी। जिसके बाद कॉलर ने अपना मोबाइल बंद कर लिया। एसीपी नगर कोतवाली रितेश त्रिपाठी ने बताया कि कॉल की बाबत दिल्ली के पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दी गई। साथ ही पीआरवी, चीता मोबाइल और कोतवाली पुलिस लोकेशन ट्रेस कर मौके पर पहुंची। हालांकि कॉलर को पकड़ने में नाकाम रही। बताया गया कि मोबाइल नंबर की कैफ आईडी निकाल कर धमकी देने वाले कॉलर की तलाश की जा रही है। इसके साथ ही कॉलर को पकड़ने के लिए सर्विलांस और दो पुलिस टीम गठित कर दी गई हैं। कॉलर की जल्द पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।