टीलामोड़ थाना क्षेत्र स्थित कोयल एन्कलेव में तैनात महिला व पुरुष सुरक्षा गार्डों को फूड डिलीवरी कंपनी के कर्मचारियों ने पीट डाला। विवाद 13 जनवरी की शाम चार बजे का है। सिक्योरिटी कंपनी के सुपरवाइजर लोनी निवासी सुंदर सिंह ने दो बिल्किंट डिलीवरी बॉय समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। सुंदर सिंह ने बताया कि डिलीवरी बॉय पसौंडा निवासी प्रशांत और लवकुश डी टॉवर में सामान की डिलीवरी करने पहुंचे थे। वापसी में तेज बाइकें दौड़ा रहे थे। इस पर सुरक्षा गार्डों ने सुरक्षा के लिहाज से उन्हें चेकिंग करने के लिए रोका लेकिन दोनों ने मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद फोन करके अपने साथी अंकित, चाहत और अमित को बुलाया और लाठी-डंडो व लोहे की रॉड से हमला किया। इसमें महिला सुरक्षा गार्ड भी घायल हो गई। एसीपी साहिबाबाद रजनीश उपाध्याय ने बताया कि घटना का सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।