मुरादनगर में तीन दिन से बिजली ना आने से नाराज छह कॉलोनियों की महिलाओं ने असालतनगर स्थित बिजली सब स्टेशन पर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि बिजली न आने पर जन जीवन अस्त व्यक्त हो गया है और भीषण गर्मी से हाल बेहाल है। राधेश्याम विहार, शिवम विहार, शंकर विहार,असालतनगर, शोभापुर सहित छह कालोनियों की बिजली आपूर्ति तीन दिन से ठप है। बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा बिजली आने के बारे में सही जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। तीन दिन से बिजली आपूर्ति ना होने से नाराज कालोनियों की महिला एकत्र होकर शुक्रवार रात असालतनगर स्थित बिजली सब स्टेशन पहुंची और हंगामा करना शुरू कर दिया महिलाओं का कहना है कि भीषण गर्मी में बिजली ना आने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोजमर्रा के काम पूरी तरह से प्रभावित हो रहे। जब तक बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं होगी, तब तक बिजली सब स्टेशन पर रहेंगे। बिजली विभाग के एसडीओ ने बताया कि फाल्ट ठीक होते ही बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।