दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित कादराबाद पुलिस चौकी के पास सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और बाइक सवार फैसल खान गंभीर रूप से घायल हो गया। फैसल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जिला मुजफ्फरनगर के लद्दावाला क्षेत्र निवासी फैसल खान ने बताया कि सोमवार दोपहर वह बाइक से गाजियाबाद की तरफ जा रहा था। फैसल जैसे ही दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित कादराबाद चौकी के समीप पहुंचा, तभी पीछे से आ रही एक बेकाबू रोडवेज बस ने बाइक को रौंद दिया। बस का पहिया फैसल के पैर के ऊपर से उतर गया। मौके पर चीख-पुकार मच गई। लोगों ने बस की घेरबंदी कर रोक लिया। चालक बस छोड़कर भाग गया। हादसे के बाद दिल्ली-मेरठ मार्ग पर जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को रास्ते से हटाकर यातायात सामान्य कराया। एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।