फरीदाबाद में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए 1 अगस्त 2025 से इम्प्लायमेंट लिंक्ड इंसेंटिव (ईएलआई) स्कीम शुरू हो रही है। यह योजना 31 जुलाई 2027 तक चलेगी। पहली बार नौकरी करने जा रहे युवाओं को इसका लाभ मिलेगा। इस स्कीम के तहत प्रोत्साहन राशि के रूप में एक माह की सैलरी (अधिकतम 15 हजार रुपये) दी जाएगी। यह जानकारी ईपीएफओ फरीदाबाद के क्षेत्रीय कार्यालय की कमिश्नर निशा ओवी ने पत्रकारवार्ता में दी। निशा ओवी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना का लाभ उन कंपनियों को भी मिलेगा, जो लोगों को रोजगार देंगी। उन्हें भी केंद्र सरकार की तरफ से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इस योजना के तहत सरकार 99446 करोड़ रुपए खर्च करेगी। सरकार का इस स्कीम के तहत दो साल में 3.5 करोड़ से ज्यादा नई नौकरियां देने का लक्ष्य है। पहली बार नौकरी करने वाले कर्मचारियों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि मिलेगी। उन्होंने बताया इस योजना के दो हिस्से हैं। पहला हिस्सा उन युवाओं के लिए है, जो पहली बार नौकरी करने के साथ ईपीएफओ में रजिस्टर्ड हो रहे हैं। दूसरा हिस्सा उन कंपनियों को फायदा देने के लिए है, जो नए लोगों को रोजगार देंगी। इस योजना के पहले हिस्से में पहली बार नौकरी करने वाले कर्मचारियों को एक माह की सैलरी (अधिकतम 15,000 रुपए) प्रोत्साहन राशि के रूप में दी जाएगी। यह रकम दो किस्तों में मिलेगी। पहली किस्त छह माह की नौकरी करने व दूसरी किस्त बारह माह की नौकरी के बाद मिलेगी। यह प्रोत्साहन अधिकतम एक लाख रुपए तक के मासिक वेतन वाले कर्मचारियों के लिए होगी। इस स्कीम के तहत युवाओं को वित्तीय साक्षरता का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।