फरीदाबाद जिले की मानव रचना स्पोर्ट्स अकादमी में चल रहे कॉर्पोरेट टूर्नामेंट में रविवार को दो मुकाबले खेले गए। इनमें पहले मुकाबले में एमआरईआई और एनएचएआई और की टीमें आमने-सामने रहीं जबकि दूसरा मुकाबला एकॉर्ड हॉस्पिटल और सोनी इंडिया के बीच खेला गया। इनमें एमआरईआई और एकॉर्ड हॉस्पिटल की टीमों ने बेहद आसानी से मुकाबले अपने नाम कर लिए। दिन के पहले मुकाबले में एनएचएआई की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.3 ओवर में 156 रन पर ऑल आउट हो गई। इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमआरईआई ने सिर्फ 17.2 ओवर में 157 रन बनाकर छह विकेट से मुकाबला जीत लिया। एमआरईआई की ओर से सिर्फ 28 रन देकर चार विकेट झटकने वाले सनी भाटिया को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दिन के दूसरे मुकाबले में एकॉर्ड हॉस्पिटल की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 331 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में लक्ष्य की पीछा करने उतरी सोनी इंडिया की टीम 17 ओवर में सिर्फ 124 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इसके चलते एकॉर्ड ने 207 रन से मुकाबला जीत लिया। एकॉर्ड की ओर से अंकित राणा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। अंकित ने ऑल राउंड प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 23 गेंदों पर 64 रन की पारी खेली और पांच बहुमूल्य विकेट चटकाए।