फरीदाबाद में दो विभाग की फाइलों में गांव मोहना में बने बस स्टैंड का उद्घाटन पिछले सात महीने से अटका हुआ है। जिस वजह से यात्रियों को हर मौसम में बस स्टैंड के बाहर सड़क पर खड़ा होकर बस का इंतजार करना पड़ता है। इस बिल्डिंग को लोक निर्माण विभाग ने तैयार किया है। लेकिन रोडवेज अधिकारी कमी बताकर बिल्डिंग का हैंड ओवर नहीं ले रहे हैं। रोडवेज के अधिकारी चाहते हैं कि बिल्डिंग में सीसीटीवी कैमरे, उदघोषणा सिस्टम व डिस्पले बोर्ड लगाए जाए। वहीं दूसरी ओर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यदि इन सिस्टम को लगाया जाएगा तो चोरी होने का डर रहता है। दोनों विभाग के तालमेल की वजह से बस स्टैंड का उद्घाटन नहीं हो पा रहा है। जिसमें सबसे ज्यादा परेशानी आम लोगों को हो रही है।