फरीदाबाद में मुजेसर थाना क्षेत्र स्थित सुरूरपुर इंडस्ट्री एरिया में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जर्दा बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने प्लॉट नंबर 37/38, गली नंबर छह में संचालित ‘रामित इंडस्ट्री’ नामक कंपनी पर छापा मारकर अवैध गतिविधियों का खुलासा किया। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि यहां तैयार किया जा रहा जर्दा नकली था, जिसे गुटखा में मिलाकर बाजार में बेचा जाता था। यह अवैध कारोबार लंबे समय से संचालित हो रहा था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत नारकोटिक्स विभाग को भी सूचित कर दिया है।