फरीदाबाद। सेक्टर 12 स्थित फरीदाबाद टेनिस अकादमी में आयोजित की गई तीन दिवसीय टेनिस चैंपियनशिप में अजय कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इसके अलावा कमलेश धीमान ने फाइनल में पहुंचकर दूसरा स्थान सुनिश्चित किया। दोनों ने पूरी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद फाइनल में अजय कुमार ने कमलेश धीमान को 7-5 और 6-4 से हराकर प्रतियोगिता अपने नाम कर ली। इसके अलावा प्रतियोगिता में तीसरी और पांचवीं सहित अन्य पायदान के लिए भी मैच खेले गए। इनमें तीसरे स्थान के लिए मुकाबले में अजीत यादव ने डॉ जैन को 6-4, 6-4 से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। डॉ जैन को चौथे पायदान से संतोष करना पडा। वहीं पांचवें स्थान के लिए हुए मुकाबले में अजय सिंह ने नितीश शर्मा को 6-4, 6-4 से हराकर बाजी मारी। वहीं मनीष शर्मा ने अरविंद कौशिक को हराकर सातवां स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता जीतने के बाद अजय बेहद खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि बेहद अच्छा टूर्नामेंट रहा, इस तरह के टूर्नामेंट लगातार आयोजित किए जाने चाहिए।