फरीदाबाद जिले में बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने पिछले पांच माह में जमकर कार्रवाई की है। इस दौरान नियमों की अनदेखी कर संचालित हो रही 20 बड़ी फैक्ट्रियों को बंद कराया गया है। ये फैक्ट्रियां लंबे समय से इलाके में गंभीर प्रदूषण फैला रही थीं। निरीक्षण के दौरान खामियां पाए जाने के बाद विभाग ने यह कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार बंद कराई गई फैक्ट्रियां सरूरपुर, नंगला, कुरेशीपुर, नेकपुर, भागलपुर और गाजीपुर क्षेत्रों में संचालित हो रही थीं। इन औद्योगिक इकाइयों में मुख्य रूप से एल्यूमिनियम गलाने के लिए भट्टियों का इस्तेमाल किया जा रहा था। इन भट्टियों से निकलने वाली जहरीली गैसें हवा में घुलकर वातावरण को गंभीर रूप से दूषित कर रही थीं।