भाई दूज त्योहार पर बहनों को अपने भाइयों तक समय से पहुंचाने के लिए हरियाणा रोडवेज ने खास तैयारी की है। बल्लभगढ़ बस डिपो की ओर से कोसी, मथुरा, आगरा और अलीगढ़ रूटों पर 10 अतिरिक्त बसें चलाई जा रही हैं। इन बसों को दो से तीन बार अप-डाउन करने की व्यवस्था की गई है, जिससे ज्यादा से ज्यादा यात्रियों को सुविधा मिल सके। डिपो इंचार्ज नरेंद्र कुमार ने बताया कि त्योहार के मौके पर नियमित बसों के साथ-साथ अतिरिक्त बसें भी चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भाई दूज के दिन सामान्य किराया ही लागू रहेगा। वहीं, 3 से 12 साल तक के बच्चों का आधा किराया लिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर और भी बसें चलाई जाएंगी।