परेड ग्राउंड में आयोजित उत्तराखंड राज्य युवा महोत्सव में इंदर आर्या ने अपने गीतों पर लोगों को खूब झुमाया। उन्होंने गुलाबी शरारा गीत से युवा महोत्सव में रंग जमाया। वहीं इससे पहले दिन में शास्त्रीय संगीत, नाटक समेत कई प्रस्तुतियां हुई। युवा महोत्सव का चौथा दिन संगीत, नृत्य और खेल विज्ञान पर चर्चा का रहा। शाम को यहां सबसे पहले प्रसिद्ध लोकगायक इंदर आर्या ने गुलाबी शरारा, हे मधु, मेरो लहंगा और मॉडर्न कुमाऊं सहित अपने लोकप्रिय गीतों से दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद प्रसिद्ध गायक मीना राणा और हरीश मेहरा ने अपनी प्रस्तुति से युवा महोत्सव में रंग जमाया। महोत्सव के दिन की शुरुआत खेल विज्ञान पर एक सत्र के साथ हुई। इसमें एथलीटों के स्वास्थ्य, पोषण और कंडीशनिंग पर ध्यान केंद्रित किया गया, जो आगामी राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों के साथ संरेखित था। वक्ता गीता घलियावर ने एथलीटों को इष्टतम ऊर्जा स्तर और स्वास्थ्य के लिए ओमेगा-3 जैसे आवश्यक पोषक तत्वों पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। डॉ. अनिलेंदु प्रमाणिक ने खेलों में बायोमैकेनिक्स की भूमिका पर प्रकाश डाला। इसके बाद दिन में शास्त्रीय गायन, एकांकी नाटक, शास्त्रीय नृत्य, शास्त्रीय वादन और फोटोग्राफी की कई प्रतियोगिताएं हुई।