राजधानी दून में चल रहे राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के आठवें संस्करण में रोजाना विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को भी युवा कल्याण निदेशालय के मैदान में हैंडबॉल, बॉलीबाल, फुटबाल समेत विभिन्न एथलेटिक्स खेलों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में राज्य भर के करीब 12 हज़ार खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। पहली बार विजेता खिलाड़ियों को डीबीटी के माध्यम से पुरस्कृत राशि दी जा रही है। इतना ही नहीं पहली बार खिलाड़ियों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी कराया गया। इसका लाभ आने वाले समय में होने वाली राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को मिलेगा। विभाग को एक क्लिक में आसानी से खिलाड़ी की पूरी जानकारी मिल जाएगी।