फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धान खरीदी में 1.5 करोड़ का घोटाला: पिकअप वाहन से ट्रक में भरा जा रहा था अवैध धान, माकड़ी में ट्रक जब्त

अमर उजाला नेटवर्क, कोंडागांव Updated Sat, 23 May 2026 07:17 PM IST

मुलमुला धान खरीदी केंद्र में एक करोड़ 53 लाख रुपए की धान खरीदी में गड़बड़ी का मामला अभी थमा भी नहीं था कि फर्जी तरीके से धान के परिदान का एक और बड़ा मामला सामने आ गया है।

ग्रामीणों से मिली सूचना के अनुसार, मुलमुला धान खरीदी केंद्र से लगभग एक से दो किलोमीटर आगे बांगा प्लाट गांव में एक ट्रक में पिकअप वाहन के जरिए धान की बोरियां लोड की जा रही थीं। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल एसडीएम कोंडागांव को दी, जिस पर एसडीएम अजय उरांव ने फूड इंस्पेक्टर माकड़ी भुवनेश्वर सोरी को जांच के लिए माकड़ी रोड पर रवाना किया।

फूड इंस्पेक्टर सोरी ने माकड़ी के पास संदिग्ध ट्रक को रोककर ड्राइवर से कड़ी पूछताछ की। ड्राइवर ने स्वीकार किया कि उसका डीओ मुलमुला धान खरीदी केंद्र से 400 बोरी का कटा था। इसमें से 200 से 300 बोरी धान उसने केंद्र से लोड की, जबकि शेष 150 से 200 बोरी बांगा प्लाट गांव में पिकअप वाहन के माध्यम से ट्रक में डाली गई। यह पूरा धान केशकाल स्थित महक एग्रो मिल, जिसे गन्नी मेमन द्वारा संचालित किया जाता है, वहां ले जाया जा रहा था।

फूड इंस्पेक्टर भुवनेश्वर सोरी ने बताया कि ट्रक की जांच कर प्रतिवेदन तैयार किया जा रहा है, जिसे अग्रिम कार्रवाई हेतु कलेक्ट्रेट कोंडागांव भेजा जाएगा। धान से लदी ट्रक को फिलहाल माकड़ी पुलिस थाने में सुरक्षित रखवा दिया गया है।

यह मामला धान खरीदी में बड़े स्तर पर हो रही अनियमितताओं की ओर साफ इशारा करता है। अब सवाल यह है कि प्रशासन इस पूरे गोरखधंधे में शामिल दोषियों के खिलाफ कब और कितनी सख्त कार्रवाई करता है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें