फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरबा: 7 साल की मासूम की हत्या से मचा हड़कंप, आरोपी अमित चौहान गिरफ्तार; सड़क पर निकाली रैली

Fri, 23 Oct 2026 07:41 PM IST
कोरबा ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा

कोरबा जिले के रजगामार क्षेत्र में 7 साल की मासूम बच्ची की हत्या से सनसनी फैल गई है। बच्ची 19 अक्टूबर को राशन लेने गई थी और लापता हो गई थी, जिसका शव 3 दिन बाद गुरुवार को पोल्ट्री फार्म के पीछे मिला है। पुलिस ने इस मामले में अनाचार के बाद हत्या की आशंका जताई है। मामला बालको थाना क्षेत्र के रजगामार चौकी अंतर्गत का है।

जानकारी के अनुसार पीड़ित परिवार मूल रूप से जिला सक्ती का रहने वाला है। परिवार चार महीने पहले अपने चार बच्चों के साथ कमाने-खाने के लिए रजगामार आया था। वे करीम पोल्ट्री फार्म में रहकर रोजी-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे।

19 अक्टूबर की दोपहर करीब डेढ़ बजे पिता ने अपनी 7 वर्षीय बेटी को घर के पास स्थित राशन दुकान पर घरेलू सामान लाने भेजा था। बच्ची दुकान के लिए निकली लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास में काफी तलाश की, शिकायत रजगामार चौकी में दर्ज कराई।

गुरुवार को पोल्ट्री फार्म के पीछे शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शुक्रवार सुबह आक्रोशित लोगों की भीड़ रजगामार चौकी के सामने जमा हो गई। लोगों ने चौकी के सामने बैठकर नारेबाजी की और आरोपी को फांसी देने की मांग की।

इधर कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि टेक्निकल, ह्यूमन इंटेलिजेंस और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपी अमित चौहान को गिरफ्तार किया गया है, जो उसी एरिया का रहने वाला है। आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया है।

पुलिस ने BNS की धारा 302 और POCSO एक्ट में केस दर्ज किया है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने पर अन्य धाराएं जोड़ी जाएंगी। पुलिस जल्द साइंटिफिक एविडेंस के साथ चालान पेश कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में कठोरतम सजा दिलाने की तैयारी में है।

वहीं इस घटना को लेकर जिले में आक्रोश है। छत्तीसगढ़ी क्रांति सेना ने जिले में बढ़ते अपराध और 7 साल की मासूम के साथ हुई हत्या के मामले में कोरबा एसपी को ज्ञापन सौंपा और कड़ी कार्रवाई की मांग की। विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी घटना पर भारी आक्रोश व्यक्त किया है।

इधर पुलिस ने पकड़े गए आरोपी का अर्धमुंडन कर सड़क पर रैली निकाली। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से अपराधियों में खौफ पैदा होगा। लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का समर्थन किया है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें