नशे के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने आज एक बड़ी कार्रवाई की है। जिले के समोदा गांव में मक्का की खेती की आड़ में अफीम की अवैध खेती पकड़ी गई है। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से अवैध अफीम की खेती की जानकारी प्राप्त हुई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा ने एक विशेष टीम बनाई। टीम ने मौके पर छापा मारा और 4 से 5 एकड़ में अफीम की खेती देखकर हैरान रह गई। फोरेंसिक टीम को बुलाकर अफीम का नमूना लिया गया है। दुर्ग जिले में अफीम की खेती का यह पहला मामला सामने आया है। जब्त अफीम की कीमत करोड़ों रुपये में अनुमानित की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है।
खेत मालिक से भी पूछताछ
पुलिस ने बताया कि 4 से 5 एकड़ जमीन पर यह खेती की गई थी। यह खेत विनायक ताम्रकार की बताई जा रही है। पुलिस ने विनायक ताम्रकार से भी पूछताछ की है। हिरासत में लिए गए व्यक्ति ने बताया कि उसने विनायक ताम्रकार से अधिया में खेती ली थी।