ज्योलीकोट मार्ग से मलबा हटाने के बाद आवाजाही करते वाहन। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BHIMTAL
ज्योलीकोट (नैनीताल)। कुमाऊं की लाइफ लाइन ज्योलीकोट-कर्णप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग में वीरभट्टी के पास मंगलवार की दोपहर 2 बजे से बंद मार्ग को बुधवार को 20 घंटे बाद यातायात के लिए खोल दिया गया।
बीते शुक्रवार से बंद हाईवे को मंगलवार को खोल दिया गया था लेकिन दोपहर बाद दोबारा आए मलबे से यातायात फिर ठप हो गया। इसे बुधवार सुबह 10 बजे सभी वाहनों के लिए खोल दिया गया। हाईवे के बंद होने से कुमाऊं की हर प्रकार की गतिविधियां चरमरा र्गइं थीं। केंद्रीय पर्यटन और रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने भी डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल को हाईवे के सुचारु करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभाग अन्य दिनों की अपेक्षा ज्यादा सक्रिय नजर आया। फिलहाल यातायात सुचारु है। बुधवार को करीब 300 से अधिक बड़े ट्रकों समेत बड़ी संख्या में अन्य वाहनों ने हाईवे से आवाजाही की। हालांकि, पहाड़ी से गिरता मलबा लगातार वाहन चालकों के लिए हादसे की वजह बना हुआ है।