आकांक्षा की हेयर ड्रेसर रेखा मौर्या ने पुलिस के समक्ष जो बयान दर्ज कराया है, उसके मुताबिक एक साल बाद ही आकांक्षा और समर सिंह शादी करने वाले थे, लेकिन दोनों के रिश्ते में इधर कुछ खटास चल रही थी। इसी वजह से आकांक्षा तनाव में रहती थी। रेखा मौर्या के बयान की पुष्टि मेकअप आर्टिस्ट अमित शर्मा ने भी की है।
आकांक्षा दुबे, समर सिंह
- फोटो : सोशल मीडिया
25 मार्च की देर रात आकांक्षा दुबे को सारनाथ स्थित होटल छोड़ने गए संदीप सिंह ने भी पुलिस को बताया कि आकांक्षा और समर एक-दूसरे से प्रेम करते थे। हालांकि आकांक्षा को समर और उसका दोस्त संजय प्रताड़ित करता था, इस वजह से वह दुखी रहती थी
अधिवक्ता वरुण प्रताप सिंह प्रिंस ने बताया कि समर सिंह की जमानत के लिए जल्द ही इलाहाबाद हाईकोर्ट में प्रार्थना पत्र दाखिल करेंगे। तीन डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया था। रिपोर्ट के अनुसार आकांक्षा दुबे ने आत्महत्या की है। जबकि, मृतका की मां मधु दुबे लगातार कह रही है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। वादी पक्ष पहले यह तो तय कर ले कि आकांक्षा दुबे की हत्या हुई है या उन्होंने आत्महत्या की है।
समर सिंह ने पुलिस को बयान दिया कि आकांक्षा दुबे विगत छह महीने से वाराणसी के संदीप सिंह के साथ अपने व्यवसाय का संचालन कर रही थी। 25 मार्च की रात आकांक्षा दुबे को होटल छोड़ने संदीप सिंह ही गया था। होटल में प्रवेश करने के दौरान वहां लगे सीसी कैमरे की फुटेज में संदीप सिंह कैद है, लेकिन वहां से बाहर निकलने का उसका कोई फोटो और वीडियो नहीं है। 25 मार्च की रात वह गोरखपुर में था और उससे पहले आकांक्षा या उसके किसी परिजन ने उस पर किसी तरह का आरोप नहीं लगाया था।