थानाभवन। बैंक से पैसे निकलवाने आए रिटायर्ड टीचर के थैले से चोरों ने बैंक परिसर से ही दस हजार रुपये उड़ा लिए। पुलिस ने एक चोर को हिरासत में ले लिया है।
क्षेत्र के गांव खानपुर निवासी गोपाल शर्मा पुत्र रामस्वरूप शर्मा रिटायर्ड प्राइमरी शिक्षक हैं। गोपाल के आवास पर चिनाई का काम चल रहा है। चिनाई मजदूरों को पैसे देने के लिए गोपाल शुक्रवार को कस्बे के पीएनबी में दस हजार रुपये निकलवाने के लिए आए। जैसे ही उन्होंने पैसे थैले में डाले, तो उसी समय चोरों ने उनका थैला काटकर दस हजार रुपये उड़ा लिए। उन्होंने थैले में हाथ डाला तो पैसे गायब मिले। इसके बाद उन्होंने बैंक प्रबंधन व पुलिस को फोन कर शिकायत की। इस दौरान पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी की जांच की, तो पता चला कि गोपाल शर्मा के थैले से दो बच्चे सहित तीन लोगों ने पैसे चुराए हैं। हालांकि, फिलहाल पुलिस मामले की जांच करने का दावा कर रही है। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। थानाध्यक्ष कृष्णकुमार ने बताया कि शीघ्र चोरी करने वालों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।