बीडीसी सदस्यों का आरोप प्रकाशित टेंडर अधूरा और समिति गठन एक पक्षीय
टेंडर में परियोजना कार्य नाम व लागत न दर्शाकर सरकारी धन की बंदरबांट का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। ब्लॉक के टेंडर प्रक्रिया व क्षेत्र पंचायत बैठक, समिति गठन पर मनमानी व गलत तरीका का आरोप बीडीसी सदस्यों ने लगाया है। इसको लेकर शिकायत डीएम से की है।
बीडीसी सदस्य बीकू, हाजरा खातून, रमेश प्रसाद, हरिकेश दूबे, भरत प्रसाद, सीमा, संगीता देवी का आरोप है कि एक अखबार में बीडीओ द्वारा टेंडर प्रकाशित कराया गया है। प्रकाशित टेंडर में निविदा खोलने की तिथि 24 अगस्त दर्ज है। प्रकाशित टेंडर में परियोजना कार्य का नाम और लागत नहीं दर्ज की गई है। ताकि सरकारी धन की बंदरबांट की जा सके। यही नहीं क्षेत्र पंचायत की बैठक सुचारु रूप से नहीं की गई और क्षेत्र पंचायत समिति गठन एक पक्षीय किया गया है। सभी प्रक्रिया में मानक को दरकिनार कर मनमानी की गई है। डीएम से क्षेत्र पंचायत सदस्य की बैठक व समिति गठन फिर से करने की मांग की गई है और टेंडर प्रक्रिया निरस्त करने की मांग की गई है। बीडीओ रेनू चौधरी ने बताया कि क्षेत्र पंचायत टेंडर सभी जनपद व ब्लॉक में ऐसे ही प्रकाशित किया जाता है। परियोजनाओं का नाम व लागत दर्ज कराने में प्रकाशन खर्च ज्यादा आएगा। इतना पैसा नहीं होता है। जो जरूरी मैटर है वह दर्शा दिया गया है। क्षेत्र पंचायत बैठक और समिति गठन पर लगाया गया आरोप बेबुनियाद है। सदस्य बैठक का कोरम पूर्ण कराते हुए क्षेत्र पंचायत समिति गठन किया गया है।