जमालपुर। क्षेत्र के रानीबाग संपर्क मार्ग पर सेमरा गांव के पास जमालपुरथाना के 50 मीटर दूर चोरों ने देशी शराब की दुकान का ताला तोड़कर हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए, पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। चोरों ने पास ही अंग्रेजी शराब और बीयर की दुकान का ताला चटकाने का प्रयास किया पर असफल रहे। सोमवार की सुबह चोरी की जानकारी होने पर दुकान मालिक ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
जमालपुर थाना मोड़ से करीब 50 मीटर की दूरी पर सेमरा गांव के पास एक ही मकान ने देशी शराब, अंग्रेजी शराब और बीयर की दुकान है। रविवार की शाम शराब की बिक्री करने के बाद सेल्समैन घर चले गये। सोमवार की सुबह दुकान आने पर चोरी की घटना के बारे में जानकारी हुई। सेल्समैन संतोष कुमार मौर्य ने दुकान में चोरी होने की जानकारी फोन से दुकान के मालिक और पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। देशी शराब की दुकान के सेल्समैन संतोष कुमार मौर्य ने बताया कि चोर रविवार की रात छत के सहारे नीचे उतर आए और दुकान के ताले को लोहे के राड से चटकाकर खोल दिया। दुकान के काउंटर मे रखे 30 हजार रुपये नगद और तीन पेटी शराब लेकर लेकर चंपत हो गए। चोरो ने अंग्रेजी शराब की दुकान और बीयर की दुकान का भी ताला चटकाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नही मिल पाने से चोरी करने में सफल नहीं हो सके। देशी शराब की दुकान के मालिक चंदौली जनपद के चकिया निवासी ब्यास नारायण मौर्य ने सोमवार को दुकान में चोरी होने की सूचना पुलिस को दी। लेकिन पुलिस ने तहरीर नहीं ली, बल्कि यह कह कर लौटा दिया कि दुकान नहीं चलाना है क्या। पुलिस के कार्य शैली से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। सीओ चुनार रामानंद राय ने कहा कि मामले की जानकारी नहीं है। पीड़ित का मुकदमा दर्ज नहीं है तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।