शिव भक्ति से सराबोर रहा सावन माह का पहला दिन
मंदिरों में उमड़ी श्रद्घालुओं की भीड़, कांवड़ियों का आना शुरू
सावन के पहले ही दिन से पूरा वातावरण शिवभक्ति से सराबोर हो उठा। सुबह से शहर और गांवों के शिवालय हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजने लगे। ब्रह्म मुहूर्त से श्रद्घालुओं का मंदिर में पहुंचना शुरू हो गया। श्रद्घालुओं ने बेलपत्र, फूल, भांग, धतूरा, चंदन, दूध और अक्षत से भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना की। पूरे दिन मंदिरों में भीड़ भाड़ रही।
शहर के भुइफोरवानाथ मंदिर में सुबह से ही श्रद्घालुओं की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्घालुओं ने जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाए। जंगलीनाथ मंदिर और शहर से नौ किलोमीटर दूर प्राचीन लिलौटीनाथ मंदिर में दिन भर भक्तों का तांता लगा रहा। देवकली स्थित शिवमंदिर में भी पूरे दिन भीड़ रही।
उधर छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ और लिलौटी नाथ में जलाभिषेक के लिए दूर-दूर से कांवड़ियों का आना शुरू हो गया। सोमवार तक बड़ी संख्या में यहां कांवड़ियों के पहुंचने की संभावना है। कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने कांवड़ियों के स्वागत सत्कार के लिए खास इंतजाम किए है।
बांकेगंज। श्रावण माह के पहले दिन कस्बा स्थित बांकेश्वर महादेव मंदिर में श्रदालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। इस मौके पर भक्तों ने अक्षत, रोली, चंदन, बेलपत्र, समी, भांग, धतूरा, दूध, शहद, नैवेद्य आदि से भगवान शिव का पूजन अर्चन के बाद जलाभिषेक के साथ हर-हर महादेव के जयकारे लगाए। भक्तों ने ईष्टदेव के चरणों में माथा टेका।
छोटी काशी का सावन मेला शुरू
भोले बाबा की प्रियस्थली छोटी काशी में सावन मेला के पहले दिन शिव भक्तों का हर-हर महादेव का जयघोष गूंज उठा। काफी संख्या में श्रद्धालुओं, कांवड़ियों ने शिव का जलाभिषेक कर पुण्य प्राप्त किया।
गोकर्ण तीर्थ के पवित्र जल में पहले दिन सैकड़ों श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाकर स्नान किया और प्राचीन गोकर्णनाथ महादेव मंदिर में घंटानिनाद कर श्रीगणेश जी, मां पार्वती और शिवजी, नंदी के दर्शन कर पुष्प, बेलपत्र, भांग, चंदन, गंगाजल, जल, दुग्ध, शहद, घी, गन्ने का रस, शमीपत्र से अभिषेक कर पूजा अर्चना की। पूजन के उपरांत आरती कर भोले बाबा की परिक्रमा कर मनौती मानी। वहीं, नगर से चार किमी दूर अहमदनगर के बाबा क्लेश हरण मंदिर पर भक्तों ने पूजन अर्चन कर शिवलिंग का विल्लवपत्र, दुग्ध, गंगाजल, शहत से अभिषेक किया। यहां शुक्रवार और सोमवार को मेला लगता है जिसकी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।
नगर पालिका ने लगाए स्टाल
अलीगंज मार्ग से शिव मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर अंबेडकर मूर्ति के पास नगर पालिका परिषद द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नि:शुल्क गंगाजल वितरित करने के लिए स्टाल लगाए हैं। इसके समीप ही नि:शुल्क जूता चप्पल स्टाल, यात्री पंजीकरण स्टाल, शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है।
कंजा देवस्थान पर हुआ हवन और पूजन
नगर के समीप मोहम्मदी मार्ग पर कंजा देवस्थान पर श्रावणमास के पहले दिन श्रीराम चरित मानस के सुंदरकांड का पाठ कर हवन पूजन कर प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्घालुओं ने स्थापित द्वादश ज्योतिर्लिंगों की पूजा अर्चना कर जलाभिषेक किया। यह स्थान आश्रम सेवा समिति द्वारा कांवड़ियों के विश्राम के लिए खोल दिया गया। समिति द्वारा कांवड़ियों को सावन मास में प्रतिदिन 24 घंटे फलाहार और उनके ठहरने की नि:शुल्क व्यवस्था की गई है। हवन पूजन में सीओ अनुराग दर्शन, कोतवाल एसएन द्विवेदी, सोनिका, निशा, शिवम, सुरेश शर्मा आदि मौजूद रहे।
श्रीमद् भागवत कथा शुरू
नगर के त्रिलोकीनाथ बाबा शिव मंदिर परिसर में सावन माह के शुभारंभ पर श्रीमद् भागवत कथा हो रही है, जिसका समापन 26 जुलाई को होगा। आयोजन मंडल के रामसेवक शर्मा, काशी विश्वनाथ तिवारी ने बताया कि नैमिषधाम के कथा व्यास पं पंकज मिश्र दिन में दो बजे से पांच बजे तक और रात में आठ से 10-30बजे तक श्रीमद् भागवत कथा सुनाएंगे। समापन 26 जुलाई को हवन, भंडारे के साथ होगा।