Sales tax raid in Tilhapur Mod market
- फोटो : KAUSHAMBI
पिपरी कोतवाली के तिल्हापुर मोड़ बाजार में शनिवार की दोपहर प्रयागराज परिक्षेत्र की सेल्स टैक्स टीम ने व्यापारियों की दुकानों में छापे मारे। इस दौरान टीम ने कई व्यापारियों को जीएसटी की चोरी करते हुए पकड़ा। एक व्यापारी की दुकान से भारी मात्रा में अवैध लोहा और एक हजार बोरी सीमेंट बिना रिकार्ड के पकड़ा गया है। विभाग के अफसरों ने दुकान से दस्तावेज ब्त कर लिए हैं। यहां मिले सामान पर कर चोरी की गणना की जा रही है। सेल्स टैक्स टीम के छापे के बाद बाजार में अफरातफरी मची रही।
प्रयागराज परिक्षेत्र के सेल्स टैक्स विभाग के डिप्टी कमिश्नर हेमंत कुमार गौतम की अगुवाई में डिप्टी कमिश्नर मुकेश कुमार, लल्लन प्रसाद यादव, जितेंद्र कुमार, सहायक अवध कुमार, करतार सिंह, आरपी सरोज की टीम दोपहर दो बजे तिल्हापुर मोड़ बाजार पहुंची। टीम ने व्यापारियों की दुकानों में जीएसटी रिटर्न की जांच शुरू की। टीम ने बाजार स्थित श्यामबाबू केशरवानी के सीमेंट-सरिया की दुकान में जांच शुरू की तो भारी मात्रा में सरिया, लोहा और एक हजार बोरी सीमेंट अवैध रूप से रखी मिली।
कारोबारी रखे गए लोहे और सीमेंट का कोई रिकार्ड नहीं प्रस्तुत कर सका। टीम ने बताया कि दुकानदार पिछले कई साल से सेल्स टैक्स की चोरी कर रहा था। टीम ने दुकान के सारे दस्तावेज जब्त कर लिए। अफसर खरीद-बिक्री का रिकार्ड देखकर जीएसटी चोरी की गणना में जुटे हुए थे। खबर लिखे जाने तक टीम की कार्रवाई जारी थी।