अजुहा। सैनी कोतवाली क्षेत्र के पहाड़पुर कोदन गांव के समीप गुरुवार सुबह बेकाबू डीसीएम ने बाइक सवार एक किसान को रौंद दिया। हादसे में मौकेे पर ही उसकी मौत हो गई। साथ रहा उसका साथी घायल हो गया। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। सैनी क्षेत्र के रामपुर बढ़नावां गांव का सूरज (22) पुत्र देशराज किसानी करके परिवार का खर्च चलाता था। गुरुवार सुबह वह पड़ोसी जयचंद्र के साथ फतेहपुर जिले की खागा मंडी नींबू बेचने गया था। लौटते वक्त पहाड़पुर कोदन गांव के समीप पीछे से आई डीसीएम ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दोनों युवक गिर गए।
इस दौरान डीसीएम सूरज को कुचलते हुए गुजर गई। जिससे मौके पर ही उसकी सांसें थम गईं। वहीं, साथ रहा जयचंद्र घायल हो गया। दुर्घटना देख मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आननफानन में एम्बुलेंस की मदद से घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, सूरज की मौत की मनहूस खबर मिलते ही पीड़ित परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से मृतक के परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब है।