मोहनिया वार्ड नंबर 16 में पीडब्ल्यूडी के पास रविवार को लू लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई बताया जाता है कि मोहनिया के वार्ड नंबर 6 निवासी लाल बहादुर चौरसिया का पुत्र नंदकिशोर चौरसिया (50) घर से अलग होकर भिक्षाटन कर अपना जीवन यापन करता था।
रविवार को वह लू की चपेट मे आकर पीडब्ल्यूडी के पास मृत अवस्था में पाया गया। मोहनिया पुलिस ने उसके शव को कब्जे में क़र पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया और इसकी सूचना उसके परिजनों को दे दी।
सकलडीहा के ओनावल गांव में रविवार को ट्रैक्टर की हाइड्रोलिक ट्रॉली से बिजली का तार टूट गया, जिसकी चपेट में आने से करंट से वृद्ध की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ओनावल गांव निवासी रघुवीर राम (65) रविवार सुबह साढे नौ बजे घर के सामने ट्रैक्टर से मिट्टी डलवा रहे थे। मिट्टी गिराने के लिए चालक ने हाइड्रोलिक ट्राली को ऊपर उठाया। इसी दरम्यान ट्रॉली के संपर्क में आने से बिजली का तार टूट गया।
वहीं, मिट्टी पाटने के चक्कर में रघुवीर टूटी तार के संपर्क में आ गए, जिससे करंट से अचेत होकर गिर पड़े। परिजन तार हटाकर उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि करंट की चपेट में आने से वृद्ध की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
शहाबगंज थाना क्षेत्र के भैंसासुर गांव में शनिवार की रात घर में मां के काम पर जाने की वजह से बहन के साथ छत पर सोये युवक का सुबह कमरे में पंखे से लटकता शव मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
गांव निवासी ओम चौहान (22) की मां मुन्नी देवी हलवाई के साथ सहयोग का काम करती हैं। शनिवार की रात वह काम से गजधरा गांव गई थी औरर वहीं रूक गई। ओम रोज की तरह खाना खाकर अपनी छोटी बहन प्रीति के साथ छत पर सोया हुआ था।
सुबह जब प्रीति की आंख खुली तो भाई को न पाकर आसपास खोजने लगी। कमरे में जाकर देखा तो उसका शव लटका हुआ था। ऐसे में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। मां और बहन युवक की मौत पर बिलखते रहे।
सैयदराजा थाना क्षेत्र के कांटा गांव निवासिनी विवाहिता ने रविवार की सुबह कमरे में साड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विवाहिता के भाई शिवपुर बबुरी निवासी चंद्रमोहन ने बताया कि बहन मानसिक रूप से बीमार थी। रविवार की सुबह करीब सात बजे पति और ससुर के खेत जाने के बाद उसने कमरे को बंद कर साड़ी से फंदा लगा लिया। कमरे के बाहर बच्चे खेल रहे थे। उन्होंने यह देखा तो आस पास के लोगो को बताया। उसके पति मंजय मौर्य घर पहुंचे और इसकी सूचना ससुराल और पुलिस को दी।