होली पर रंगों से सराबोर हुए लोग, जमकर उड़ा अबीर गुलाल
नजीबाबाद। होली का पर्व परंपरागत उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। छुटपुट घटनाओं को छोड़कर त्योहार शांतिपूर्ण रहा।
नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न पारंपरिक स्थानों पर बृहस्पतिवार की रात होलिका दहन के साथ रंग शुरू हुआ। शुक्रवार को प्रात: से ही टोलियों में बंटकर हुलियारों ने गुलाल और गीले रंगों से जमकर होली खेली। युवाओं में होली का उत्साह अभूतपूर्व रहा। नगर क्षेत्र में हुलियारों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर जमकर होली खेली और एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। साहनपुर, जलालाबाद, आदर्श नगर सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में होली के रंग में सराबोर हुलियारों ने होली के गीत गुनगुनाए और जय श्रीराम के नारों के साथ जश्न मनाया।
शनिवार को नजीबाबाद थाने में पुलिसकर्मियों ने जमकर होली खेली। थाना प्रभारी दिनेश गौड़, इंस्पेक्टर क्राइम अर्जुन सिंह, एसएसआई राजीव चौधरी सहित थाने के एसआई और पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को रंग-बिरंगा गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने पुलिसकर्मियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए होली पर्व पर शांति और सद्भाव बनाए रखने में पुलिसकर्मियों को बधाई दी।
नजीबाबाद के साहनपुर में होली खेलते क्षेत्रवासी।- फोटो : NAZIBABAD
नजीबाबाद में नन्हे बालक ने भी मां के संग खेली जमकर होली।- फोटो : NAZIBABAD