होली की मस्ती में डूबे पुलिसकर्मी, उड़ाया अबीर-गुलाल
बिजनौर। भले ही एक दिन बाद पुलिस की रही लेकिन इसमें पुलिसकर्मियों ने जमकर धमाल मचाया। थानों में गुलाल अबीर उड़ाया गया। गीत-संगीत की धुन पर पुलिसकर्मी थिरकते नजर आए। पुलिसकर्मियों ने एक दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
शनिवार को पुलिस लाइन में होली मिलन कार्यक्रम हुआ। एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह की अध्यक्षता और एएसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में गीत गजल का दौर भी चला। प्रभारी जेल अधीक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह ने गीत प्रस्तुत किया। जिस पर एएसपी सिटी ने हास्य व्यंग्य का एक किस्सा हवालात में मौत और एसपी की जांच सुनाते हुए सभी को खूब तालियां बटोरी। एएसपी देहात राम अर्ज ने होली की शुभकामनाएं दी। नजीबाबाद प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र गौड़ ने श्रृंगार रस से ओतप्रोत गीत सुनाया। अफसरों और पुलिसकर्मियों ने एक से बढ़कर एक गीत गजल पेश किए। वहीं एक दूसरे को रंग गुलाल लगाकर होली मनाई। इस दौरान सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता, सीओ सुमित शुक्ला, सीओ अजय अग्रवाल, प्रतिसार निरीक्षक शिव बालक वर्मा, प्रभारी निरीक्षक चांदपुर मनोज कुमार, थानाध्यक्ष कोतवाली देहात हरिश्चंद्र जोशी आदि मौजूद रहे। इसके अलावा जिले के सभी थानों में होली मनाई गई। शहर कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम ने पुलिसकर्मियों संग होली खेली। डीजे पर बज रहे गीतों पर पुलिसकर्मी नृत्य करते रहे। दोपहर बाद तक थानों में होली की खेली गई।