अब समझौते के लिए धमका रहे नामजद आरोपी
साध्वी की मां रामलली ने एसपी से की परिवार की सुरक्षा की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। साध्वी कोयल गिरि प्रकरण में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से अब पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकियां मिलने लगीं हैं। साध्वी की मां ने शुक्रवार को एसपी को पत्र देकर आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और अपनी व अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
एसपी को दिए गए पत्र में आरोप लगाया गया है कि पुलिस आरोपियों से मिली हुई है। इस वजह से उनके हौसले बुलंद हो रहे हैं और आरोपी समझौता करने के लिए धमका रहे हैं। समझौता नहीं करने की दशा में पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। रामलली ने दिए गए पत्र में आरोपियों को भूमाफिया बताते हुए लिखा है कि नामजद आरोपियों पंकज गुप्ता, सुशील बाबू गुप्ता, अनिल गुप्ता, अनुराग गुप्ता ने अपने अन्य परिजनों के नाम 13 अप्रैल 2012 को धोखाधड़ी करके पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद की कोठी का बैनामा क्रमांक संख्या 3859 जिल्द नंबर 7469 का फर्जी तरह से करा लिया था। मामला हाईप्रोफाइल होते देख दबंग भूमाफियाओं ने बाद में गड़बड़ करके पिछड़ा वर्ग के पूर्व मंत्री राममूर्ति सिंह वर्मा की कोठी के सामने सुन्नी वक्फ बोर्ड लखनऊ की संपत्ति को निशाना बनाते हुए फर्जी बैनामा करा लिया था। इस पर अवैध कब्जा करने के लिए ये लोग सेठ मनीष अग्रवाल पर फायरिंग कर चुके हैं। रामलली का कहना है कि दबंग भूमाफिया राजनीति में पकड़ बनाकर हर तरह की बराबर घटना करते हैं। अब दबंग भूमाफियाओं ने उसे व उसके परिवार वालों को साध्वी कोयल गिरि प्रकरण में राजीनामा करने के लिए धमकाना शुरू कर दिया है। पीड़िता का कहना है कि नामजद आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उसे व उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। व्यापारी बंधुओं पर आरोप है कि 23 नवंबर की रात लगभग आठ बजे साध्वी कोयल गिरि पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगाकर जान से मारने की कोशिश की गई। साध्वी का बरेली के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
-------
साध्वी प्रकरण में सारे तथ्यों को देखा जा रहा है, मामले की तेजी से जांच चल रही है। दौलत गिरि की भी तलाश हो रही। इन सारे तथ्यों के इकट्ठा हो जाने पर जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. एस चन्नप्पा, एसपी
......................
साध्वी के घर पहुंचे एसपी, किया मुआयना
तिलहर। साध्वी कोयल गिरि उर्फ सीमा वर्मा की हालत गंभीर बनी हुई है। आज उसका डायलिसिस कराया गया है। मामले की जांच को लेकर देर रात पुलिस अधीक्षक डॉ. एस. चन्नप्पा तिलहर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार के घर के बाहर गली व विवादित भूखंड का निरीक्षण करते हुए पुलिस को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उधर, आरोपी व्यापारी अनुराग गुप्ता कि लुधियाना लोकेशन ट्रेस करने को गई पुलिस टीम वापस लौट आई है। टीम ने व्यापारी अनुराग गुप्ता के द्वारा लुधियाना में तीन स्थानों पर व्यापारिक खरीद होना बताया है। वहीं दौलत गिरी की तलाश में हरियाणा गई पुलिस टीम को अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
गुरुवार देर रात 11 बजे एसपी डॉ. एस. चन्नप्पा कोतवाली पहुंचे। यहां उन्होंने साध्वी प्रकरण में सीओ मंगल सिंह रावत, कोतवाल अशोकपाल से घटना की जानकारी और अब तक की हुई जांच रिपोर्ट की प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद वह मोहल्ला बहादुरगंज स्थित साध्वी कोयल गिरि के घर पहुंचे लेकिन अंदर से दरवाजा बंद होने के कारण वह बाहर से ही मौका मुआयना कर विवादित भूखंड स्थल का निरीक्षण करने पहुंच गए। विवादित भूखंड का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने में आवश्यक कार्रवाई के दिशा-निर्देश दिए। उधर, इस घटना में आरोपी रेडीमेड व्यापारी अनुराग गुप्ता की लोकेशन ट्रेस करने लुधियाना गई पुलिस टीम भी देर रात वापस आ गई। कोतवाल अशोक पाल सिंह ने बताया कि व्यापारी अनुराग गुप्ता 23 नवंबर की शाम लगभग 6:30 बजे गंगा सतलुज किसान एक्सप्रेस से तिलहर से लुधियाना गए थे। 24 नवंबर की सुबह लुधियाना में पंजाब निट शोरूम चावला बाजार में लगभग 35 हजार रुपये का माल खरीदा। इसके बाद कस्तूर जैन निट वियर सुंदर नगर में लगभग 24 हजार का माल लिया। फिर पारस मणि होजरी फैक्ट्री राय बहादुर रोड में लगभग 42 हजार रुपये का रेडीमेड माल खरीदा। इसके बाद 24 नवंबर की रात में गंगा सतलज किसान एक्सप्रेस ट्रेन से तिलहर के लिए वापसी की। 25 नवंबर की सुबह अनुराग गुप्ता ट्रेन से तिलहर उतरे। कोतवाल अशोक पाल सिंह ने बताया कि आरोपी दौलत गिरी के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी हरियाणा गई पुलिस टीम अभी केवल खोजबीन में जुटी है उसे कोई साक्ष्य नहीं मिल सके हैं।
-------
तिलहर पुलिस पर नहीं है भरोसा
बरेली के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कोयल गिरी के पास इलाज के दौरान से अब तक मौजूद कोयल गिरि का भतीजा अमित वर्मा ने मोबाइल पर बताया कि कोयल गिरि की हालत अभी जस की तस बनी हुई है। आज डायलिसिस हुई है। आंखों में सूजन कम होने से दोनों आंखें खोली हैं। गले में नली पड़ी होने के कारण बोल नहीं पा रहीं हैं। बताया कि तिलहर थाने से भूपेंद्र चौधरी यहां सुरक्षा में रात-दिन लगे हुए हैं। कहा, कि हम 10-12 लोग यहां पर मौजूद रहते हैं। यहां पर किसी प्रकार का खतरा महसूस नहीं कर रहे हैं। अस्पताल के आसपास आरोपियों की लोकेशन के बाबत पूछने पर बताया कि ऐसी कोई जानकारी नहीं पता चली है। अमित ने बताया कि उन्हें तिलहर थाने पुलिस पर विश्वास नहीं है। विवेचना दूसरे थाने से कराए जाने की मांग की गई थी लेकिन अभी तक इस मामले में कोई सुनवाई नहीं हुई है।