मथुरा जिले में फेसबुक पर अंजान महिला से दोस्ती 10वीं के छात्र को महंगी पड़ गई। कोसीकलां के एक गांव निवासी दसवीं के छात्र को गुरुग्राम की दूसरे समुदाय की महिला ने फेसबुक पर दोस्ती कर प्रेमजाल में फंसाया। इसके बाद उसे गुरुग्राम ले गई। आरोप है कि महिला ने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर छात्र को पिला दिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
महिला अब छात्र पर धर्म परिवर्तन करके शादी का दबाव बना रही है। छात्र ने इनकार कर दिया तो उसे दुष्कर्म में फंसाने की धमकी दी है। पीड़ित का कहना है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने ध्यान नहीं दिया। एसएसपी से भी छात्र ने गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित ने कोर्ट में मुकदमा दर्ज करवाने के लिए अर्जी दी है।
सितंबर 2020 में हुई थी महिला से दोस्ती
थाना कोसीकलां के एक गांव के 10वीं के छात्र की सितंबर-2020 में गुरुग्राम की महिला से फेसबुक पर दोस्ती हो गई। महिला ने छात्र को प्रेमजाल में फंसा लिया। तीन अक्तूबर को उसने कोसीकलां में छात्र को मिलने बुलाया। वहां से वह उसे अपने साथ गुरुग्राम ले गई। गुरुग्राम में किराए पर रही महिला ने छात्र को कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाया और फिर शारीरिक संबंध बनाए।