मैनपुरी। गुरुवार की रात जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए गांव लालपुर सगौनी निवासी एक अधेड़ की मौत हो गई। जानकारी होने के बाद पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने होटल संचालक पर पीट-पीट कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया। थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव लालपुर सगौनी निवासी 48 वर्षीय कौशलेंद्र सिंह उर्फ रवि चौहान अक्सर बाईपास रोड स्थित एक होटल पर बैठने के लिए जाते थे। गुरुवार की रात उन्हें कुछ लोगों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, भर्ती कराने वाले लोगों के जाने के कुछ देर बाद ही रवि की मौत हो गई। जानकारी होने के बाद परिजन भी आ गए। परिजनों ने होटल संचालक पर मारपीट कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया।
हालांकि परिजनों की ओर से मारपीट किए जाने को लेकर किसी भी वजह की जानकारी से इंकार किया गया। इंस्पेक्टर कोतवाली जसवीर सिंह सिरोही का कहना है कि जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या हुई है या कुछ और सामने आ जाएगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिजन जहां रवि चौहान की मौत पीटने से होने की बात कह रहे हैं, वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक मौत हृदयगति रुकने से हुई है।